बलरामपुर। स्पोर्ट्स स्टेडियम में शनिवार को फुटबॉल प्रतियोगिता के लिए खिलाड़ियों के चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। प्रदर्शन के आधार पर छह खिलाड़ियों का चयन किया गया है। अब ये खिलाड़ी मंडलीय ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। उप क्रीड़ाधिकारी कमाल अहमद ने बताया कि 30 अक्तूबर से चार नवंबर के बीच कानपुर में प्रदेश स्तरीय पंडित दीनदयाल उपाध्याय सीनियर पुरुष फुटबॉल प्रतियोगिता होनी है।
प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए मंडलीय टीम में खिलाड़ियों का चयन होना है। इसके लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम में जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन किया गया। बेहतर प्रदर्शन करने पर मो. जीशान अंसारी, हरीश कश्यप, अतुल सिंह, संदेश कुमार, मो. फैजान व बैजनाथ गुप्त का चयन किया गया है। ये खिलाड़ी 27 अक्तूबर को मंडलीय ट्रायल के लिए गोंडा जाएंगे। (संवाद)