बलरामपुर। महदेइया पुलिस चौकी प्रकरण ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पहले जिले में राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। भाजपा जिला प्रभारी राहुल राज ने शनिवार देर शाम ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल से कार्यालय में प्रकरण की गंभीरता पर चर्चा की। केंद्र में चौकी प्रभारी संतोष कुमार की लापरवाही और अनुचित व्यवहार ही रहा। जिलाध्यक्ष ने भी प्रमुख से वार्ता कर संगठन को विस्तृत रिपोर्ट सौंपने की बात कही है। वहीं, जिला प्रभारी और ब्लॉक प्रमुख के बीच वार्ता के बावजूद पुलिस अधीक्षक से देर शाम तक मुलाकात नहीं हो सकी।
विज्ञापन
ब्लॉक प्रमुख ने भाजपा कार्यालय में बैठक के दौरान कहा कि हाल ही में हुए एक सड़क हादसे में चौकी प्रभारी की लापरवाही सामने आई। इसके अलावा पार्टी कार्यकर्ता उत्तम कुमार को शराबी बताकर भाजपा को बदनाम करने की कोशिश की गई। इस घटना से कार्यकर्ता चिंतित हैं। ऐसे में संगठन मामले की गंभीरता को देखते हुए लखनऊ से कार्रवाई की तैयारी में है।
संपूर्ण समाधान दिवस से जल्दी लौट आए एसपी
भाजपा नेता भले ही शनिवार को पुलिस अधीक्षक विकास कुमार से मिलने नहीं पहुंचे, लेकिन वह तय समय पर कार्यालय पहुंच गए थे। दोपहर में उन्होंने 1:30 बजे एक घटना के खुलासे की जानकारी भी दी। कार्यालय में लंबे समय तक मौजूद रहे। वह पूर्व में तय 12 बजे से एक बजे के बीच संपूर्ण समाधान दिवस से भी लौट आए थे। फिलहाल उन्होंने राजनीति से जुड़े मसले पर कुछ भी बोलने से इन्कार कर दिया।