बलरामपुर के सदर विधान सभा क्षेत्र की जर्जर सड़क, जिसका होगा पुर्ननिर्माण।-संवाद
बलरामपुर। सदर विधानसभा क्षेत्र के छह गांवों के संपर्क मार्गों का पुनर्निमाण शुरू होगा। इन सड़कों की मरम्मत पर 3.15 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे क्षेत्र की करीब 60 हजार की आबादी को बरसात से पहले बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।
सदर विधानसभा के ग्राम दलपतपुर से दुल्हापुर हनुमंतनगर तक संपर्क मार्ग के लिए 40.50 लाख रुपये का बजट पास हुआ है। बजट मिलने के साथ विभाग ने कवायद भी शुरू कर दी है। इसके अलावा बलरामपुर-तुलसीपुर रोड पर स्थित कठौरा से रतौहा तक संपर्क मार्ग के पुनर्निमाण पर 36.46 लाख रुपये, बहादुरापुर से धुदवा संपर्क मार्ग पर 37.89 लाख रुपये तथा पड़री लालनगर संपर्क मार्ग पर 55.86 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
गालिबपुर से धोबाडाबर संपर्क मार्ग पर 48.03 लाख रुपये एवं महुवा इब्राहिम से बिनोहनी संपर्क मार्ग पर 58.96 लाख रुपये खर्च होंगे। सदर विधायक पल्टूराम ने बताया कि बरसात से पहले इन सड़कों की मरम्मत का काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया है। विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्षेत्रवासी इरफान, राजेंद्र, राहुल व शेष कुमार आदि ने बताया कि सड़कें जर्जर होने से बरसात के दिनों में आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता था। आए दिन लोग सड़क के गड्ढों में फंसकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाते थे। सदर विधायक के प्रयास से इन सड़कों की मरम्मत की कवायद शुरू हो गई है। इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी।