झारखंडी मंदिर स्थित राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी मुन्ना पंडित के छोटे भाई शत्रुहन द्विवेदी उर्फ बाबू पंडित की बृहस्पतिवार की भोर गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करने में जुटी हुई है। नगर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खलवा निवासी शत्रुहन द्विवेदी उर्फ बाबू पंडित (32)की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मौके पर परिजनों के अलावा आसपास के तमाम लोग एकत्र हो गए।
सूचना मिलते ही नगर कोतवाली की पुलिस व फॉरेसिंक टीम ने पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी। मृतक के पिता सदगुरु पंडित ने बताया कि मेरे बेटे को किसने और क्यों मारा है इसकी जानकारी नहीं है। मेरी किसी से कोई दुश्मनी भी नहीं है।
बेटे की मौत के बाद भाई व पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया गया है। घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। परिजनों की तरफ से अभी तक तहरीर नहीं दिया गया है।