बलरामपुर। जिले के अस्पतालों की एसआईटी की पांच सदस्यीय टीम 26 अक्तूबर से जांच करेगी। 30 अक्तूबर तक टीम अस्पतालों में एनआरएचएम तथा अन्य मदों से खरीदे गए उपकरणों तथा दवाओं की खरीद और संविदा नियुक्तियों के बारे में जांच करेगी। सीएमओ डा. घनश्याम सिंह ने सभी मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ को जांच के दौरान उपस्थित रहने का निर्देश दिया है।
विदित हो कि भिनगा के बसपा विधायक असलम राइनी ने बीते दिनों विधानसभा में प्रश्न उठाकर बलरामपुर में स्वास्थ्य विभाग की अनियमितताओं को उजागर किया था। उनकी शिकायत पर ही राज्य सरकार ने मामले की जांच एसआईटी को सौंपी है।
सीएमओ ने शनिवार को बताया कि पुलिस उप महानिरीक्षक एसआईटी के निरीक्षक पीके सिंह के नेतृत्व में पांच सदस्यी दल 26 से 30 अक्तूबर तक जिले के अस्पतालों में जांच करेगा। जांच के दौरान सभी अस्पतालों के मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टाफ को उपस्थित रहना अनिवार्य है। इस अवधि में कोई भी अधिकारी व कर्मचारी अवकाश पर नहीं जाएगा और न ही मुख्यालय छोड़ेगा। सभी अधिकारी व कर्मचारी अपने तैनाती स्थल पर उपस्थित रहकर जांच कार्य में सहयोग करेंगे।