फोटो-34-बलरामपुर के उतरौला में आयोजित किसान दिवस में मौजूद किसान ।-स्रोत : विभाग
उतरौला। साहब... सुरैहिया नाले के पास सड़क और पटरी का करीब 45 मीटर हिस्सा बरसाती पानी के तेज बहाव में बह गया है। इससे हुसैनाबाद गन्ना क्रय केंद्र से इटई मैदा चीनी मिल तक गन्ना पहुंचाने में किसानों को परेशानी हो रही है। सड़क क्षतिग्रस्त होने से गन्ने से लदे वाहनों का आवागमन भी बाधित हो रहा है। बुधवार को उतरौला तहसील सभागार में आयोजित किसान दिवस के दौरान किसान काशीराम वर्मा, रमेश चंद्र और धनंजय कुमार आदि ने एसडीएम के सामने यह समस्या उठाते हुए सड़क की मरम्मत कराने की मांग की।
किसान जितेंद्र मिश्रा ने प्राकृतिक आपदा से फसल बर्बाद होने पर किसानों को दिए गए मुआवजे का ब्योरा मांगा। उन्होंने जिले में फसल बीमा कराने वाले किसानों की संख्या और बीमा कंपनियों की ओर से अब तक किए गए भुगतान की सूची उपलब्ध कराने की मांग की। इसके साथ ही ग्राम पंचायत परसाबिया गौरी में आवास सूची से जुड़ी समस्या का निराकरण कराने की मांग भी उठाई गई।
गैड़ास बुजुर्ग क्षेत्र के ग्राम बांक भवानीपुर निवासी किसान भीष्म सिंह ने दो हार्स पावर का सोलर पंप स्वीकृत करने की मांग की। उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में उन्होंने तीन हार्स पावर के सोलर पंप के लिए ऑनलाइन बुकिंग कर पांच हजार रुपये टोकन मनी जमा कर दी थी। बाद में पता चला कि इसके लिए छह इंच की बोरिंग जरूरी है, जबकि उनके खेत में पहले से तीन इंच की बोरिंग है और पर्याप्त पानी उपलब्ध है। ऐसे में नई बोरिंग कराने पर उन्हें अनावश्यक खर्च उठाना पड़ेगा। उन्होंने जमा टोकन मनी को दो हार्स पावर के सोलर पंप में समायोजित करने अथवा धनराशि वापस कराने की मांग की।
प्रभारी एसडीएम/तहसीलदार वीरेंद्र प्रताप ने किसानों की ओर से उठाई गई सभी शिकायतों का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर उप कृषि निदेशक श्याम नारायण राम, जिला कृषि अधिकारी उपेंद्रनाथ खरवार, जिला उद्यान अधिकारी डॉ. संजीव कुमार सहित कृषि, गन्ना, सहकारिता, सिंचाई और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।