संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम व एसपी ने सुनी फरियाद, स्थलीय जांच कर शिकायतों के निस्तारण का निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसीपुर/बलरामपुर। साहब! 9 अगस्त की रात मेेरे साथ दुष्कर्म हुआ था। मैंने तुलसीपुर थाने में नामजद तहरीर दी थी। थाने पर तैनात दरोगा ने मेरा प्रार्थना पत्र बदलवा दिया। कहा कि मैं तुम्हारी मदद करूंगा, जैसा मैं कह रहा हूं वैसा बयान दो। फिर उसने जबरदस्ती दुष्कर्म की जगह छेड़खानी का बयान कराकर छेड़छाड़ का केस दर्ज करा दिया। अब मुझे प्रतिदिन थाने व चौकी बुलाकर परेशान किया जा रहा है। दोषी के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज कराते हुए मुझे न्याय दिलवाया जाए।
यह गोहार शनिवार को तुलसीपुर तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में तुलसीपुर थाना क्षेत्र की एक महिला ने एडीएम प्रदीप कुमार एवं एएसपी योगेश कुमार के सामने लगाई। एडीएम व एएसपी ने थानाध्यक्ष को मामले की जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। यहीं पर तुलसीपुर नगर के पुरानी बाजार निवासी आरिफ ने प्रार्थना पत्र दिया कि ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उन्हें बिजली कनेक्शन तो दे दिया गया, लेकिन मीटर नहीं लगाया गया है। कई बार मीटर लगवाने के लिए संबंधित अधिकारियों से शिकायत भी की गई, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
अधिवक्ता अवधेश कुमार श्रीवास्तव ने विद्युत सब स्टेशन व लोक निर्माण विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा किए जाने की शिकायत की। एडीएम व एएसपी ने सभी शिकायतों का स्थलीय जांच कर समय सीमा के अंदर निस्तारित किए जाने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर सीओ राघवेन्द्र सिंह व तहसीलदार परमेश कुमार आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता डीएम अरविंरद सिंह ने की। उन्होंने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व संबंधित मामलों में राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर जाकर स्थलीय जांच करे और निर्धारित समय में शिकायत का निस्तारण हर हाल में हो। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।
एसपी केशव कुमार ने पुलिस से संबंधित प्रकरणों को गंभीरता से लेते हुये सभी थानाध्यक्षों को निर्देशित किया कि पीड़ितों की शिकायतों का निस्तारण करके उन्हें संतुष्ट किया जाए। इस अवसर पर एसडीएम सदर राजेन्द्र बहादुर, तहसीलदार रामाश्रय, सीओ सिटी बृजानंद राय, नायब तहसीलदार डाॅ. अनुपम शुक्ला, अपर सीएमओ डाॅ. संतोष कुमार श्रीवास्तव, पीडी चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, डीडीओ गिरीश चंद्र पाठक, उप निदेशक कृषि नरेंद्र कुमार, जिला कृषि अधिकारी आरपी राणा, डीआईओएस गोविन्दराम व बीएसए कल्पना देवी सहित अन्य विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।
इसी तरह उतरौला तहसील सभागार में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता सीडीओ संजीव कुमार मौर्य ने की। उन्होंने शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर समय सीमा के अंदर निस्तारण करने का निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिया। इस अवसर पर एसडीएम अवधेश कुमार व सीओ ज्योतिश्री सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।
इनसेट
103 में से मात्र 10 प्रार्थना पत्रों का हुआ निस्तारण
शनिवार को जिले के तीनों तहसीलों में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 103 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए, जिनमें से मात्र 10 प्रार्थना पत्रों का ही मौके पर निस्तारण किया जा सका। सदर तहसील के संपूर्ण समाधान दिवस में 48 प्रार्थना पत्र में से मात्र 04 का ही मौके पर निस्तारण किया गया। इसी तरह उतरौला में 32 में से 3 तथा तुलसीपुर में 23 में से मात्र 3 प्रार्थना पत्र ही निस्तारित हो सके।