फोटो-17-बलरामपुर के उतरौला तहसील में शिकायत सुनते डीएम व एसपी ।-स्रोत : विभाग
उतरौला। साहब! उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन तो मिल गया, लेकिन अभी तक सिलिंडर नहीं मिल पा रहा है। एजेंसी के कई चक्कर लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। शनिवार को तहसील उतरौला में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में मंगल प्रसाद वर्मा ने यह शिकायत डीएम डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह के सामने रखी। डीएम और एसपी ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए।
इसी तरह बनगवा निवासी रहीमुन्निशा ने खतौनी में अंश कम दर्ज होने की शिकायत हलका लेखपाल मनोज यादव के खिलाफ की। उन्होंने बताया कि उन्होंने छह बिस्वा भूमि खरीदी है, लेकिन खतौनी में उनका अपेक्षित अंश दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि पूर्व में तहसील दिवस में शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
वहीं, महिली मलंगाडीह निवासी नसीम अहमद ने गाटा संख्या 252 पर पुराने रास्ते से अवैध कब्जा हटाने की मांग की। उन्होंने पुराने रास्ते पर कब्जा किए जाने की शिकायत की।
समाधान दिवस में कुल 53 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें तीन का मौके पर निस्तारण किया गया। समाधान दिवस के बाद डीएम ने तहसील उतरौला का निरीक्षण किया। उन्होंने एसडीएम और तहसीलदार न्यायालय में लंबित राजस्व वादों की समीक्षा की। इसके अलावा आय, जाति, निवास और हैसियत प्रमाणपत्र, आवास एवं कृषि भूमि आवंटन तथा जनगणना की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को लंबित मामलों का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश दिए।