फोटो-38-बलरामपुर के उतरौला तहसील में आयोजित किसान दिवस में मौजूद किसान ।-स्रोत: विभाग
उतरौला। साहब! गन्ने का भुगतान न होने से आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। महंगाई बढ़ती जा रही है लेकिन वर्षों से गन्ने का बकाया भुगतान नहीं मिला है। यह फरियाद बुधवार को तहसील सभागार में आयोजित किसान दिवस में रेहरा माफी निवासी किसान जीवन लाल यादव ने की। उन्होंने बजाज चीनी मिल इटई मैदा से बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने और जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग की। किसान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम योगेंद्र शरण शाह ने शीघ्र ही समस्या का निस्तारण कराने का आश्वासन दिया।
किशुनपुर ग्रिंट निवासी भारतीय किसान यूनियन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष छत्रपाल ने भरोसेगंज से बलवा घाट तक जर्जर सड़क का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि रामगढ़वा के पास नाले के किनारे सड़क का करीब आधा हिस्सा गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है। शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ। रवि प्रताप सिंह ने खतौनी में चार भाइयों के नाम दर्ज नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने अभिलेखों की जांच कर नाम दर्ज कराने की मांग की। वहीं भाकियू भदौरिया के राष्ट्रीय महासचिव शशि भूषण शुक्ल ने शहर में हुए रंग-रोगन कार्य की तकनीकी जांच, शेखरपुर में 40 वर्षों से बंद डेयरी को गो-आश्रय केंद्र के रूप में संचालित कराने, रेनुकानाथ मंदिर के पास सड़क निर्माण और पौधरोपण का स्थलीय सत्यापन कराने की मांग की।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को किसानों की समस्याओं का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। इस दौरान उप कृषि निदेशक श्याम नारायण राम, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता विजय सिंह, विद्युत एसडीओ पीतांबर सिंह, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता अभिषेक राय आदि मौजूद रहे।