लरामपुर के संयुक्त जिला चिकित्सालय में एसएनसीयू वार्ड में भर्ती नवजात के बारे में जानकारी लेते
- फोटो : संवाद
बलरामपुर। अब बीमार नवजात को जिले में ही इलाज मिल सकेगा। सोमवार को संयुक्त जिला चिकित्सालय में सिक न्यूबार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) का उद्घाटन सदर विधायक पल्टूराम ने किया। इस वार्ड में 12 बच्चों को भर्ती करने की व्यवस्था है।
संयुक्त जिला चिकित्सालय में चार लाख रुपये से 12 बच्चों की क्षमता वाला एसएनसीयू वार्ड तैयार किया गया है। सदर विधायक पल्टूराम ने वार्ड में उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अस्पताल में आने वाली गर्भवती व नवजात को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मुहैया कराने की बात कही। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. राजकुमार वर्मा ने कहा कि एसएनसीयू बनने से अब नवजात को तत्काल स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी। इससे नवजात शिशु मृत्यु दर में कमी आएगी। सोमवार को ही नगर के मोहल्ला पहलवारा निवासिनी सरिता की बेटी को पहले मरीज के रूप में यहां भर्ती किया गया। स्वास्थ्य कर्मी कल्पना त्रिपाठी ने बताया कि सरिता ने सुबह बेटी को जन्म दिया है। नवजात को बर्थ एसफिक्सिया है। नवजात के मस्तिष्क तक ऑक्सीजन नहीं पहुंच रहा है, इस कारण उसे एसएनसीयू वार्ड में भर्ती किया गया है।
डॉ. नितिन को बनाया गया नोडल
संयुक्त जिला चिकित्सालय के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती होने वाले बच्चों के सेहत की देखभाल व स्वास्थ्य कर्मियों की निगरानी के लिए बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. नितिन को नोडल बनाया गया है। वहीं डॉ. आलोक मौर्य व डॉ. सौरभ कुमार को चिकित्साधिकारी के रूप में तैनात किया गया है। इसके अलावा तीन शिफ्ट में दो-दो एएनएम व स्टाफ नर्स की ड्यूटी लगाई गई है।