तुलसीपुर (बलरामपुर)। थाना क्षेत्र के गनवरिया गांव में जुआ का खेल होने पर पुलिस ने कार्रवाई की है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जुआ खेल रहे नौ लोगों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 1.16 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक जुआ का खेल काफी समय से चल रहा था। सटीक सूचना मिलने पर गिरफ्तारी की जा सकी है।
प्रभारी निरीक्षक संजय दूबे ने बताया कि ग्राम गनवरिया हफीज के बाग के पीछे तस्लीम के सूखे तालाब के किनारे इस्तियाक बांस के खंभे लगाकर व पन्नी से घेरकर लोगों को बुलाकर जुआ करा रहा था। फड़ से बरामदगी के साथ ही लोगों के पास से 27,800 रुपये और बरामद हुए। एक ताश की गड्डी सील, 52 ताश के पत्ते, आठ मोबाइल फोन व तीन अदद मोटर साइकिल भी पुलिस ने बरामद की हैं। पुलिस ने मौके से रमजान, अब्दुल रहमान, दलजीत, महबूब आलम, महताब, झुर्री, राजकुमार, रसीद और इश्तियाक को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के आपराधिक रिकाॅर्ड को खंगाला जा रहा है। इसके साथ ही जुआ के इस खेल में आर कौन शामिल हैं, इसकी जानकारी पुलिस जुटा रही है। (संवाद)