बलरामपुर के झारखंडी मंदिर पर चुनरी खरीदती महिलाएं ।-संवाद
बलरामपुर। शारदीय नवरात्र 22 सितंबर से शुरू हो रहा है। इसके लिए घरों से लेकर देवी मंदिरों और पूजा पंडालों तक व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भोर से ही देवी मंदिरों में घंटे-घड़ियाल और मां के जयकारे गूंजने लगेंगे। वहीं, पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमाएं स्थापित कर आरती और अनुष्ठान की शुरुआत होगी।
शहरी और ग्रामीण इलाकों में नवरात्र को लेकर उत्साह है। चूड़ी मार्केट और बड़ा पुल चौराहे पर आकर्षक पंडाल सजाए गए हैं। महदेइया बाजार में भव्य पंडाल सजाया जा रहा है। इसी तरह उतरौला, रेहरा बाजार, सादुल्लाहनगर, पेहर बाजार, श्रीदत्तगंज, ललिया, हरैया सतघरवा, तुलसीपुर, गैसड़ी और पचपेड़वा में भी आकर्षक पंडाल तैयार किए गए हैं। ग्रामीण अंचलों में भी दुर्गा पूजा समितियों ने देवी जागरण और भक्ति कार्यक्रमों की तैयारियां कर ली हैं। देवीपाटन शक्तिपीठ को भी खास तौर पर सजाया गया है। नौ दिनों तक यहां श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी।
महंत मिथिलेश नाथ योगी ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए साफ-सफाई, पेयजल और अन्य इंतजाम कर दिए गए हैं। सुरक्षा को लेकर पुलिस और पीएसी की तैनाती की गई है। एसपी विकास ने बताया कि पंडालों और मंदिरों तक पहुंचने में भक्तों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए रूट डायवर्जन और निगरानी के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। भीड़भाड़ वाले इलाकों में खुफिया कैमरे लगाए गए हैं, साथ ही महिला और पुरुष आरक्षियों को सादे कपड़ों में तैनात किया गया है। उन्होंने कहा कि नवरात्र के दौरान अराजकतत्वों पर सख्त कार्रवाई होगी।