बलरामपुर। जर्जर तीन परिषदीय स्कूलों के भवन ध्वस्त किए जाएंगे। नगर व श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र के संबंधित तीनों स्कूलों का चिह्नित किया गया है। तीनों स्कूलों को ध्वस्त करने के लिए नगर व ब्लॉक संसाधन केंद्रों पर नोटिस चस्पा करा दी गई है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने बताया कि श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गौर रमवापुर व प्राथमिक विद्यालय दारीचौरा एवं नगर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय प्राचीन प्राइमरी का भवन जर्जर होने के कारण ध्वस्त कराया जा रहा है। जिस संस्था को ध्वस्त कराने की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी उसे धनराशि भी दी जाएगी।
विभाग की तरफ से नगर शिक्षा क्षेत्र के स्कूल भवन को ध्वस्त कराने के लिए 36,949.17 रुपये श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गौर रामपुर के भवन को ध्वस्त कराने के लिए 199511.04 एवं प्राथमिक विद्यालय दारीचौरा के भवन को ध्वस्त कराने के लिए 119000.00 रुपये खर्च किए जाएंगे। तीनों स्कूलों में छात्रों के पढ़ाने करने की वैकल्पिक व्यवस्था बना ली गई है। नए भवन के निर्माण होने तक वैकल्पिक स्थान पर विद्यार्थियों को पढ़ाया जाएगा।
मलबे का निस्तारण कराकर उसकी नीलामी कराई जाएगी और प्राप्त धनराशि विद्यालय प्रबंध समिति के खाते में जमा की जाएगी। तीनों स्कूलों को ध्वस्त कराने के लिए स्थानीय स्तर के साथ-साथ शासन स्तर के उच्चाधिकारियों को भी अवगत करा दिया गया है। भवनों को ध्वस्त कराने के संबंध में नगर व श्रीदत्तगंज शिक्षा क्षेत्र से जुड़े पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड के एक्सईएन को सूचना दी गई है।