बलरामपुर। नगर पालिका परिषद उतरौला के आर्यनगर के लोनियाडीह वार्ड में समस्याओं को लेकर लोगों में भारी आक्रोश है। वार्ड में जर्जर तारों से बिजली सप्लाई की जा रही है। इसके अलावा भी समस्याओं की भरमार है। वार्ड वासियों ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा।
सभासद कलावती के नेतृत्व में वार्डवसी जामवन्ती, सलिल गुप्ता, ओमप्रकाश, कुसमा, लक्ष्मी, राजू, ओमकार सोनी, रामकुमार, शिवशर्मा, विमला, राम मिलन व धर्मपाल आदि ने शनिवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम को संबोधित ज्ञापन एडीएम को सौंपा। ज्ञापन में वार्डवासियों ने कहा है कि वार्ड के लोगों को मूलभूत सुविधाएं नहीं मिल रही हैं।
40 साल पुराने विद्युत तारों से बिजली दी जा रही है जो आए दिन खराब हो जाते हैं। लोकल फाल्ट के चलते वार्ड में अक्सर अंधेरा रहता है। वार्ड में अधिकतर परिवार गरीबी रेखा से नीचे जीवनयापन कर रहा है। कई लोगों के पक्के मकान नहीं हैं। कुछ परिवारों को ही प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना का लाभ मिल सका है।
वार्ड में गंदगी की भरमार है। नालियों का निर्माण न होने से जलनिकासी सबसे बड़ी समस्या है। वार्ड में जलभराव के चलते संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा है। इन लोगों ने डीएम से समस्याओं का निराकरण कराने की मांग की है।