महराजगंज तराई। गो हत्या के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें से मुख्य आरोपी समीउल्ला और शौकत अली मुठभेड़ में घायल हो गए हैं। एसपी विकास कुमार ने बताया कि समीउल्ला भुड़कुड़हा गांव में जंगल के पास मड़हा रखकर रह रहा था। वहीं से 200 मीटर दूरी पर गो हत्या की।
विज्ञापन
प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पांडेय ने बताया कि 18 सितंबर को सूचना मिली थी कि दो युवक शिवानगर के पीछे खेतों के रास्ते बोरी में प्रतिबंधित मांस लेकर जाते दिखे हैं। पुलिस ने घेराबंदी कर सोनू खां और शादाब को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से 15 किलो मांस बरामद हुआ। पूछताछ में दोनों ने बताया कि उनके साथी समीउल्ला और शौकत अली ने अन्य साथियों के साथ मिलकर गन्ने के खेत में एक पशु को मारे हैं। इसके बाद दबिश देकर सोनू खां, शादाब, मुन्नान, कल्लू, समीउल्ला, शौकत अली और फकरुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपियों के कब्जे से दो चाकू, एक लकड़ी का ठीहा, प्लास्टिक की थैली, तराजू, बाट और मांस बरामद किया है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास भी सामने आए हैं। समीउल्ला, शौकत अली और मुन्नान पहले भी अलग-अलग मामलों में जेल जा चुके हैं।