बलरामपुर। निबंधन कार्यालय बलरामपुर में 21 दिनों से सर्वर की समस्या बनी हुई है। सर्वर ठप होने से ऑनलाइन बैनामा कार्य नहीं हो रहा है। वकीलों ने मंगलवार को इस समस्या का निराकरण कराने की मांग उठाई है।
जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष अजय बहादुर सिंह व महामंत्री कृष्ण गोपाल श्रीवास्तव, कलेक्ट्रेट बार संघ अध्यक्ष रमेश चंद्र त्रिपाठी व महामंत्री कमलेश्वर सिंह, युवा बार संघ अध्यक्ष अनिल कुमार शुक्ल व महामंत्री शिव योगी शुक्ल ने उप निबंधक को पत्र सौंपा। कहा कि बीते 21 दिनों से ऑनलाइन बैनामा कार्य नहीं हो रहा है। इस समस्या से वादकारियों व अधिवक्ताओं को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
वादकारी बिना बैनामा कार्य के बैरंग लौट रहे हैं। अधिवक्ताओं ने उप निबंधक से इस समस्या का निराकरण कराने की मांग की है। उप निबंधक भीमव्रत प्रताप सिंह ने अधिवक्ताओं को आश्वासन दिया कि जल्द ही इस समस्या का निराकरण कराने का प्रयास किया जा रहा है।