बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय बलरामपुर ने शैक्षणिक सत्र 2025-26 की प्रथम सेमेस्टर की परीक्षाओं को लेकर विस्तृत सूचना जारी की है। स्नातक स्तर के पाठ्यक्रमों बीए, बीएससी, बीकॉम, कृषि सहित अन्य पाठ्यक्रमों तथा परास्नातक स्तर के एमए, एमएससी, एमकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों की परीक्षाएं 20 जनवरी से प्रारंभ होंगी।
कुलपति प्रो. रविशंकर सिंह ने बताया कि परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची वेबसाइट mpublp.ac.in पर अपलोड किया गया है। इसके साथ ही संबंधित महाविद्यालयों के लॉगिन आईडी पर भी केंद्रों की सूची उपलब्ध कराई गई है। सभी नोडल अधिकारियों, केंद्राध्यक्षों और महाविद्यालय प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि परीक्षा कार्यक्रम के अनुसार निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से परीक्षाएं संपन्न कराई जाएं।
परीक्षा केंद्रों पर सख्त निगरानी रखने, कक्ष निरीक्षकों की तैनाती समय से सुनिश्चित करने और अनुचित साधनों पर पूरी तरह रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।