बलरामपुर। एसपी विकास कुमार के निर्देश पर रविवार को महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे जिले में जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान ऑपरेशन रक्षा से महिलाओं को सुरक्षा की गारंटी दी गई। महिलाओं को ऑपरेशन रक्षा, बचपन, नशा मुक्ति व खोज के बारे में भी बताया गया।
नगर कोतवाली के नारी सुरक्षा दल ने वीर विनय चौराहे पर साइबर सुरक्षा को लेकर कार्यक्रम किया। टीम ने बेटियों व महिलाओं को साइबर अपराध के बारे में जानकारी दी। कहा कि साइबर अपराधी पहचान छुपा करके ठगी की वारदात को अंजाम देते हैं। इससे बचने के लिए ईमेल व आईडी पासवर्ड फारवर्ड न करें।
हर खाते में जटिल व यूनिक पासवर्ड का प्रयोग करें। किसी को ओटीपी शेयर न करें। वित्तीय धोखाधड़ी होने पर राष्ट्रीय साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें। इसी तरह जिले के सभी थानों के नारी सुरक्षा दल ने नगर, कस्बों व गांवों में कार्यक्रम के जरिये लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
महिलाओं को सरकारी योजनाओं के साथ उन्हें हेल्पलाइन नंबर 1090, 1098 व पुलिस कंट्रोल नंबर 112, ओटीपी शेयिरिंग, लकी ड्रॉ फ्रॅाड कॉल, स्मार्ट एडिटिंग वीडियो कॉल व बैंकिंग फ्रॅाड आदि के बारे में जानकारी देकर जागरूक किया गया।