बलरामपुर। फुलवरिया बाईपास चौराहे पर सुरक्षा घेरा तैयार किया जा रहा है। चौराहे के चारों तरफ 100 मीटर के दायरे में वाहनों के आवागमन का रास्ता तैयार बनाया जाएगा। इससे ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित चौराहे पर सड़क हादसों पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
दो दिसंबर की रात करीब 2:15 बजे फुलवरिया बाईपास चौराहे पर सोनौली बाॅर्डर से नेपाली यात्रियों को लेकर दिल्ली जा रही बस और ओवरब्रिज से नीचे उतर रहे तेज रफ्तार ट्रक में टक्कर हो गई थी। हादसे में दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई थी। एक शव ट्रक के नीचे दबा मिला था। इसमें 26 यात्री घायल हो गए थे। इसी चौराहे पर 04 मार्च 2025 को रात 12:05 बजे 45 यात्रियों से भरी नेपाल की बस सेखुइया तिराहे की तरफ से आ रहे ट्रक से टकरा कर हादसे का शिकार हो गई थी। इसमें आठ नेपाली नागरिक घायल हो गए थे। हादसे में बिजली के दो पोल भी टूट गए थे, जिससे शहर में करीब 12 घंटे बिजली गुल रही थी।
इसी तरह से करीब एक वर्ष पहले दो ट्रक आपस में भिड़ गए थे, जिसमें कोई हताहत नहीं हुआ था। करीब 13 माह पहले ट्रैफिक सिपाही के खड़े होने वाले स्थान को रात के समय तेज रफ्तार ट्रक ने तोड़ दिया था। फुलवरिया बाईपास चौराहे पर लगातार हादसे हो रहे हैं। इससे चौराहे को ब्लैक स्पॉट घोषित कर दिया गया है।
तैयार की गई रिपोर्ट
डीएम विपिन कुमार ने फुलवरिया बाईपास चौराहे पर दो दिसंबर रात करीब 2:15 बजे हुए सड़क हादसे के कारणों की रिपोर्ट तैयार कराई। एआरटीओ बृजेश यादव, एक्सईएन पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड राजेश कुमार व विद्युत अजय सिंह आदि के साथ कारणों की समीक्षा की। फुलवरिया बाईपास पर सड़क की डिजाइन, साइनबोर्ड, स्पीड लिमिट व अन्य मानकों की तकनीकी जांच कराई। चौराहे के 100 मीटर दायरे में सड़क किनारे पोल, तार व प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है। मोड़, गड्ढे, ढाल व ब्लाइंड स्पॉट को दूर कराया जा रहा है। अब हादसे कम होंगे।