बलरामपुर के पचपेड़वा ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को प्रधानी के उप चुनाव में विजयी उम्मीदवार को प्र?
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। पचपेड़वा ब्लॉक मुख्यालय पर बुधवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच सकलदा व धवाई ग्राम पंचायतों के उप चुनाव की काउंटिंग प्रक्रिया पूरी कराई गई। ग्राम पंचायत में धवाई में संतोष कुमारी व सकलदा में महेन्द्र प्रताप ने जीत दर्ज करते हुए प्रधानी के पद पर कब्जा जमाया। जिला निर्वाचन अधिकारी/डीएम कृष्णा करुणेश के निर्देश पर परिणाम घोषित कर विजई उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया।
सहायक निर्वाचन अधिकारी जावेद अख्तर ने बताया कि पचपेड़वा ब्लॉक मुख्यालय पर कड़ी सुरक्षा के बीच धवाई व सकलदा ग्राम पंचायत के उप चुनाव के वोटों की गिनती कराई गई। ग्राम पंचायत धवाई की दो व सकलदा की तीन टेबुलों पर वोटों की गणना हुई। ग्राम पंचायत में धवाई में 1951 की तुलना में 1064 वोटरों ने और सकलदा में 1366 की तुलना में 749 वोटरों ने बीते तीन फरवरी को मतदान किया था। मतगणना के दौरान ग्राम पंचायत धवाई में संतोष कुमारी को 581 व मंजू को 460 वोट मिले जबकि 23 वोट अमान्य मिले।
संतोष कुमारी ने 121 वोटों से हराकर प्रधानी के उप चुनाव में जीत का परचम लहराया। ग्राम पंचायत सकलदा में महेन्द्र प्रताप को 346, दीपक कुमार को 231 और ब्रह्म्मानदं को 154 वोट मिले जबकि कोई भी वोट अमान्य नहीं मिला। महेंद्र प्रताप ने 115 वोटों से जीत दर्ज कर उप चुनाव में ग्राम पंचायत सकलदा के प्रधानी पद पर अपना कब्जा जमाया।
ग्राम पंचायत धवाई में सोनू जायसवाल, सलाहुद्दीन, कलीम अख्तर व अनुज कुमार मिश्र और सकलदा दीपक कुमार, संतोष कुमार मिश्र, राम सरन, महेन्द्र कुमार मौर्य व अरविन्द कुमार मिश्र आदि ने शांतिपूर्ण ढंग से वोटों की गणना कराई। काउंटिंग के दौरान पचपेड़वा थाने की भारी फोर्स मौजूद रही। डीएम के निर्देश पर चुनाव अधिकारी ने विजई उम्मीदवारों को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।