प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में दूसरा स्थान पाने पर पुरस्कार प्राप्त करते समर। स्रोत विभाग
बलरामपुर। प्रदेश स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करते हुए जिले के खिलाड़ी समर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया है। सिल्वर मेडल पर कब्जा जमाकर समर ने जिले का नाम रोशन किया है।
सहारनपुर में तीन व चार अप्रैल को प्रदेश स्तरीय बालक अंडर-15 जूडो प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने भी प्रतिभाग किया। फाइनल मुकाबले में समर ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया। समर की उपलब्धि के पीछे जूडो प्रशिक्षक विजय शंकर पांडेय की महत्वपूर्ण भूमिका है। वह जिले के जूडो खिलाड़ियों को नियमित प्रशिक्षण देकर मंडल व प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता के लिए तैयार कर रहे हैं। उनकी मेहनत व लगन से जिले के खिलाड़ी भी बेहतर प्रदर्शन कर जिला व प्रशिक्षण का मान बढ़ा रहे हैं। समर के रजत पदक जीतने पर उप क्रीड़ा अधिकारी कमाल अहमद, प्रवेश कुमार रावत, प्रशिक्षक नागेंद्र गिरि, हिना खातून, सूरज कुमार व पवन तिवारी आदि ने बधाई दी है।
हॉस्टल कैंप के लिए हुआ चयन
जूडो प्रशिक्षक विजय शंकर पांडेय ने बताया कि प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने पर जिले के खिलाड़ी समर व यश जायसवाल का चयन हॉस्टल कैंप के लिए हुआ है। सहारनपुर में ही हॉस्टल कैंप आयोजित किया जाएगा। इस कैंप में चयनित होने वाले खिलाड़ियों को खेल निदेशालय की तरफ से संचालित क्रीड़ा छात्रावासों में निशुल्क खेलने व रहने की सुविधा दी जाएगी।