बलरामपुर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि विभाग ने मंगलवार को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाया। उतरौला और तुलसीपुर क्षेत्र में छापा मारकर खोवा, घी और किशमिश आदि खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए।
उतरौला के रफीनगर स्थित मेसर्स राधेश्याम तिलकराम जनरल मर्चेंट से मीठी सौंफ का नमूना लिया। मेसर्स राजेन्द्र किराना स्टोर, रफीनगर से देसी घी तथा गांधी नगर स्थित मेसर्स चौरसिया मिश्रान भंडार से खोवा का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया। तुलसीपुर स्थित मेसर्स श्री ट्रेडर्स से किशमिश का नमूना लिया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी चंद्र भानु ने बताया कि होली के दौरान मिठाइयों, सूखे मेवों और घी की मांग बढ़ने से मिलावट की आशंका भी बढ़ जाती है। इसी को ध्यान में रखते हुए अभियान चलाया जा रहा है। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी राम मौर्या व शंकर दयाल तिवारी आदि मौजूद रहे।