1हरैया सतघरवा (बलरामपुर)। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बुधवार को सीएचसी शिवपुरा का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान चार मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टॉफ बिना सूचना के नदारद पाए गए। बिना सूचना के नदारद स्टॉफ का वेतन रोक दिया गया है और जवाब तलब किया गया है।
सीएमओ ने बताया कि औचक निरीक्षण के दौरान सीएचसी शिवपुरा से डॉ. रजत शुक्ला, नेत्र परीक्षण अधिकारी सालिम हुसैन, एलटी सुगंधराज व रामलखन बिना सूचना के नदारद पाए गए है। इन सभी मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टॉफ का वेतन रोक कर जवाब तलब किया गया है। सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर संबंधित मेडिकल व पैरा मेडिकल स्टॉफ के खिलाफ विधिक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी सीएमओ ने दी है।
सीएमओ ने अस्पताल में गंदगी पाए जाने पर कड़ी नाराजगी जताई। एएनएम को आयुष्मान भारत योजना के तहत सभी लाभार्थियों को शत-प्रतिशत गोल्डेन कार्ड वितरित कराने का निर्देश दिया। कन्या सुमंगला योजना के लाभार्थियों का चयन करके अधिक से अधिक लोगों का लाभ दिलाने की जिम्मेदारी सौंपी।