बलरामपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक हुई। जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की। आशा के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया सुस्त होने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए बलरामपुर व तुलसीपुर के अधीक्षकों का वेतन रोक दिया है। वहीं डाटा फीडिंग में लापरवाही बरतने पर तीन कर्मचारियों की संविदा समाप्त कर दी गई है।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने नियमित टीकाकरण, आशा भुगतान, संस्थागत प्रसव, आयुष्मान भारत, आभा आईडी, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम व राष्ट्रीय कृमि मुक्ति अभियान को लेकर फीडबैक लिया। उन्होंने आशा के रिक्त पदों पर चयन प्रक्रिया की ब्लॉकवार समीक्षा की। इसमें पाया कि बलरामपुर व तुलसीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में आशा चयन की प्रक्रिया बहुत धीमी है। इसपर डीएम ने दोनों सीएचसी अधीक्षकों का वेतन रोक दिया है।
वहीं, स्वास्थ्य योजनाओं की डाटा फीडिंग में लापरवाही पर डीएम ने बलरामपुर के बीसीपीएम जय प्रकाश पांडेय और रेहरा बाजार के बीपीएम शैलेंद्र यादव व उतरौला के बीपीएम पवन श्रीवास्तव की संविदा समाप्ति का निर्देश सीएमओ को दिया है।
बैठक में सीडीओ हिमांशु गुप्त, सीएमओ डॉ. मुकेश रस्तोगी, संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजकुमार, महिला अस्पताल की सीएमएस डॉ. सुमन दत्त, जिला मेमोरियल अस्पताल के सीएमएस डॉ. शारदा रंजन, एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव सहित अन्य मौजूद रहे।