बलरामपुर। एमएलके महाविद्यालय के खेल मैदान पर मंगलवार को महाराजा सर बीपी सिंह अखिल भारतीय प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच जीतकर सेल राउरकेला की टीम अगले दौर में प्रवेश कर गई। दूसरे मैच में बाराबंकी की टीम ने आसान जीत दर्ज की। राउरकेला के खिलाड़ी सोनू निषाद एवं बाराबंकी के खिलाड़ी सूरजपाल को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला।
हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन मैच सेल राउरकेला एवं एनई रेलवे गोरखपुर के बीच खेला गया। मैच के 28वें मिनट में सेल राउरकेला के खिलाड़ी अमित टोपो ने मैदानी गोल करके अपनी टीम को 1-0 की बढ़त दिला दी। 48वें मिनट एनई रेलवे गोरखपुर के खिलाड़ी कमलेश राय ने मैदानी गोल करके अपनी टीम को बराबरी पर ला दिया। मैच के 56वें मिनट में सेल राउरकेला के खिलाड़ी सोनू निषाद ने मैदानी गोल करके अपनी टीम को 2-1 से जीत दिला दी। सोनू निषाद को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
टूर्नामेंट का दूसरा मैच बिजनौर एवं यूपी पुलिस बाराबंकी के बीच खेला गया। इसमें बाराबंकी की टीम ने बिजनौर को 9-2 गोल से रौंद कर जीत हासिल की। मैच के पहले हाफ के दूसरे, सातवें व 18वें मिनट में यूपी पुलिस बाराबंकी के खिलाड़ी सूरजपाल, 23वें मिनट में राहुल यादव तथा 30वें मिनट में गगन राजभर ने गोल करके अपनी टीम को 5-0 से बढ़त दिला दी। 31वें मिनट में बिजनौर के खिलाड़ी नितिन कुमार ने मैदानी गोल करके अपनी टीम का खाता खोला। 47वें मिनट में राहुल यादव ने पेनाल्टी कार्नर व पेनाल्टी स्ट्रोक से गोल करके अपनी टीम को 7-1 की बढ़त दिलाई। यूपी पुलिस बाराबंकी के खिलाड़ी सूरज सिंह ने मैच के 56वें मिनट तथा गगन राजभर ने 60वें मिनट में मैदानी गोल करके अपनी टीम को 9-2 से जीत दिला दी।