बलरामपुर। जिले के धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पर्यटन विकास की चार परियोजनाओं पर करीब 8.97 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इन परियोजनाओं में तुलसीपुर नगर पंचायत के प्रमुख मार्गों का सौंदर्यीकरण, गनवरिया में पर्यटन सुविधाओं का विकास, गिधरैया तहसील मंदिर का सुंदरीकरण और पचपेड़वा ब्लॉक के इमिलिया कोडर गांव में ग्रामीण पर्यटन का विकास शामिल है।
इन योजनाओं से धार्मिक और पर्यटन स्थलों पर सुविधाओं का विस्तार होने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों में स्थानीय कारोबार और रोजगार के अवसर बढ़ने की भी उम्मीद है।
तुलसीपुर नगर पंचायत के प्रमुख मार्गों के दोनों ओर म्यूरल चैनल से संबंधित कार्यों के लिए 443.04 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। वहीं, गनवरिया में पर्यटन विकास और मंदिरों से जुड़ी सुविधाओं के सृजन के लिए 337.42 लाख रुपये निर्धारित किए गए हैं। गिधरैया तहसील मंदिर के पर्यटन विकास पर 91.21 लाख रुपये और इमिलिया कोडर गांव में ग्रामीण पर्यटन के विकास पर 25.93 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
सुविधाएं बढ़ेंगी तो स्थानीय कारोबार को भी मिलेगा सहारा
स्थानीय निवासी प्रमोद कुमार का कहना है कि धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलने से आसपास के दुकानदारों, चाय-नाश्ते की दुकान चलाने वालों, वाहन चालकों और अन्य छोटे कारोबारियों को फायदा होगा। वहीं, राजू गुप्ता ने कहा कि पर्यटकों की संख्या बढ़ने से स्थानीय उत्पादों की बिक्री और अन्य सेवाओं की मांग में भी इजाफा हो सकता है।
समयसीमा में काम पूरा कराने के निर्देश
जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने कहा कि विकास परियोजनाओं के कार्यों की निगरानी की जा रही है। कार्यदायी संस्था को निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी विकास कार्य पूरे कराने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि धार्मिक स्थलों पर सुविधाओं का विकास होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी और स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसर भी सृजित हो सकेंगे।