बलरामपुर। जिले में सरकारी आवासीय एवं गैर आवासीय भवनों की मरम्मत की तैयारी है। यह भवन वर्षों से मरम्मत कार्य का इंतजार कर रहे हैं। इनकी हालत खराब होने लगी तो वहीं वर्षों से रंगरोगन भी इन भवनों में नहीं हो पाया। ऐसे में अब सदर तहसील में सरकारी भवनों की मरम्मत व रंगाई पोताई पर 64.43 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके साथ बहादुरापुर गांव में बने कर्मचारियों के आवास की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है।
वर्ष 2024-25 में शासन ने सदर तहसील में बने सरकारी भवनों की मरम्मत व रंगाई पोताई कराने के लिए बजट आवंटित कर दिया है। इसमें सदर तहसील परिसर में बने कर्मचारियों के आवासीय भवन टाईप-2 के 12 आवासों की मरम्मत व रंगाई पोताई पर 20.40 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। इसी परिसर में बने कर्मचारियों के आवासीय भवन टाईप 3 के नौ आवासों के मरम्मत व रंगाई पोताई पर 19.80 लाख रुपये खर्च किए जाने की व्यवस्था है। सदर तहसील के बहादुरापुर गांव में बने कर्मचारियों के ट्रांजिट हॉस्टल के 12 आवासों की मरम्मत व रंगाई पोताई पर 20.76 लाख रुपये शासन से आवंटित कर दिए गए हैं। बहादुरापुर गांव में 23.47 लाख रुपये से कर्मचारियों के आवासीय भवन में टाईप तीन के आठ आवासों की मरम्मत व रंगाई पोताई कराई जा रही है।
मानक के अनुरूप काम कराने का निर्देश
बहादुरापुर गांव में बने कर्मचारियों के आवासों की मरम्मत व रंगाई पोताई का कार्य कराने के लिए कार्यदाई संस्था को बजट आवंटित किया जा चुका है। कार्यदाई संस्था ने काम शुरू करा दिया है। कार्यदाई संस्था को मनक व गुणवत्ता के अनुरूप काम पूरा कराने का निर्देश दिया गया है।
प्रदीप कुमार, एडीएम वित्त एवं राजस्व