उतरौला (बलरामपुर)। गरीबों को कोटेदार के माध्यम से मिलने वाला सस्ता खाद्यान्न विभागीय अफसरों की लापरवाही की भेंट चढ़ रहा है। शनिवार को उतरौला तहसील के आर्यनगर मोहल्ले में कार्डधारकों को बांटने के लिए सड़ा गेेहूं भेज दिया गया। सड़ा गेहूं देखकर कार्डधारक आक्रोशित हो गए। विरोध जताते हुए कार्डधारकों ने गेहूं लेने से इन्कार कर दिया।
कार्डधारक मालती देवी, शबाना, तबस्सुम, गुलशन जहां, गीता देवी, अमर व माबिया आदि ने बताया कि कोटे की दुकान से जुलाई माह में मिलने वाला गेहूं सड़ा हुआ है। सड़ा गेहूं हमारे किसी काम का नहीं। कोटेदार मालती देवी ने बताया कि गेहूं गोदाम से उठान किया गया है। गेहूं बोरी में होने की वजह से पता नहीं चला कि गेहूं बोरी के अंदर कैसा है।
खोले जाने के बाद ही पता चला कि गेहूं सड़ा हुआ निकला है। गेहूं सड़ा होने की जानकारी गोदाम प्रभारी को व अन्य विभागीय अधिकारियों को दे दी गई है। इस संबंध में गोदाम प्रभारी निरंकार का कहना है कि मामले की सूचना मिली है। जिन कोटेदारों को सड़ा गेहूं सप्लाई हो गया है उसे बदलकर दूसरा गेहूं दिया जाएगा।