फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: आरओबी की खोदाई ने बढ़ाई शहर की मुसीबत, घंटों जाम में फंसे लोग

Sat, 05 Sep 2026 11:02 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
फोटो-30-बलरामपुर के बहराइच रोड पर लगे जाम में फंसे लोग ।-संवाद
विज्ञापन
बलरामपुर। झारखंडी मंदिर रेलवे क्रॉसिंग पर निर्माणाधीन ओवरब्रिज के लिए बहराइच रोड पर पथिक होटल के पास पिलर की नींव की खोदाई शुरू होते ही शनिवार को शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। निर्माण स्थल पर सर्विस लेन का समुचित निर्माण न होने और यातायात संभालने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों की तैनाती न होने से सड़क पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। कुछ ही देर में बहराइच रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में एंबुलेंस और प्रशासनिक अधिकारियों के वाहन भी फंस गए। इससे लोगों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा।
विज्ञापन


आरओबी निर्माण के लिए सड़क के एक हिस्से में खोदाई होने से वाहनों के निकलने की जगह कम हो गई है। सर्विस लेन का बेहतर विकल्प नहीं होने से वाहनों को सीमित रास्ते से गुजरना पड़ा। शनिवार को वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ स्थिति और बिगड़ गई। यातायात नियंत्रित करने के लिए मौके पर पर्याप्त कर्मचारी नहीं होने से जाम खुलने में भी काफी समय लगा।

जाम में फंसे राजेश ने कहा कि ओवरब्रिज शहर के लिए जरूरी है, लेकिन निर्माण के दौरान यातायात व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। पिंटू ने कहा कि सर्विस लेन ठीक से तैयार नहीं होने के कारण वाहनों को निकलने में दिक्कत हो रही है। मोहित ने कहा कि जाम में एंबुलेंस का फंसना चिंता की बात है। इरफान के मुताबिक निर्माण स्थल पर यातायात संभालने के लिए पर्याप्त कर्मचारी होने चाहिए। मालती ने बताया कि जाम के कारण पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को भी परेशानी हुई।
विज्ञापन


आरओबी निर्माण की लागत 292.21 करोड़ रुपये है। करीब 1.21 किलोमीटर लंबे दो लेन के आरओबी के लिए 35 पिलर बनाए जाने हैं। निर्माण कार्य शुरू होने के साथ ही नगर में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। प्रोजेक्ट मैनेजर इं. भूपेंद्र सिंह ने बताया कि यातायात व्यवस्था सुचारू कराने के लिए पर्याप्त कर्मचारियों को लगा दिया गया है। निर्माण कार्य के दौरान लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें