उतरौला (बलरामपुर)। अनियंत्रित रोडवेज बस ने सामने आ रहे बाइक सवार को रौंद दिया। घटना में बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बतादें कि उतरौला कोतवाली क्षेत्र के जोगीवीर निवासी अली अहमद (35) अपने निजी कार्य से गोमड़ी मजार पर गया था। लौटते समय उतरौला-गोंडा मार्ग पर जोगीवीर गांव के पास अनियंत्रित रोडवेज बस से टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि उतरौला से गोंडा की तरफ से रोडवेज बस जा रही थी और उतरौला की तरफ बाइक सवार अली अहमद आ रहे थे तभी जोगीवीर गांव के पास अनियंत्रित रोडवेज बस ने बाइक सवार को रौंद दिया। घटना स्थल पर ही अली अहमद की मौत हो गई।
प्रभारी निरीक्षक उतरौला कोतवाली डॉ. यूके राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। बस चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पिता झग्गर की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। पिता झग्गर ने बताया कि उनका बेटा सऊदी अरब में रहता था। तीन माह पहले छुट्टी बिताने घर आया था और शाम को ही सऊदी जाने की तैयारी कर रहा था।