गैसड़ी वार्ड में जर्जर सड़क। संवाद
बलरामपुर। नगर पंचायत गैसड़ी के वार्डों में विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। नगर पंचायत क्षेत्र में पांच सड़कों का निर्माण कराया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है। निर्माण कार्य पूरा होने पर 20 हजार लोगों का आवागमन सुगम होगा।
नगर पंचायत के वार्ड नंबर नौ लठावर में राम निवास मौर्य के खेत से फैजामुल हक के खेत तक सीसी सड़क निर्माण पर 21.21 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसी तरह राम अवतार मौर्य के खेत से फैजामुल हक के खेत तक 20.48 लाख रुपये से सड़क का निर्माण होगा। पुलिया से राम सरोज मौर्य के बाग तक सड़क निर्माण पर 18.28 लाख रुपये खर्च होंगे। सुखना मौर्य के खेत तक पर 18.09 लाख रुपये तथा राम निवास के खेत तक सीसीरोड का निर्माण 21.94 लाख रुपये की लागत से कराया जाएगा।
नगर पंचायत गैसड़ी के अधिशासी अधिकारी अवनीश कुमार सिंह ने बताया कि नगर क्षेत्र में सड़कों और नालियों का निर्माण प्राथमिकता में शामिल है। इन परियोजनाओं से नागरिकों को बरसात के मौसम में जलभराव और आवागमन की दिक्कतों से राहत मिलेगी। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रिंस वर्मा ने कहा कि गैसड़ी नगर पंचायत के सभी वार्डों में विकास कार्य लगातार चल रहे हैं। हर मोहल्ले तक सीसी सड़क और नाली का निर्माण कराया जा रहा है।