बलरामपुर। गैसड़ी विकासखंड की ग्राम पंचायत चैनपुर का संपर्क मार्ग पूरी तरह जर्जर हो गया है। सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। ढाई दशक से सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। ऐसे में बरसात के दिनों में वाहन तो दूर पैदल चलना भी दुश्वार हो जाता है। ग्रामीणों ने डीएम को पत्र भेजकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्राम प्रधान अरशद खान ने बताया कि पहलवानपुर चौराहा से चैनपुर-कुड़ोहा जाने वाला पीडब्ल्यूडी मार्ग का निर्माण करीब 25 वर्ष पूर्व कराया गया था। तब से लेकर आज तक इस सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई है। नतीजा यह सड़क काफी जर्जर हो चुकी है। संपर्क मार्ग की दूरी लगभग पांच किलोमीटर है। इसी सड़क से होकर मचड़ी, सिसई, निश्चलपुर व कुड़ोहा आदि गांवो के लोगों का आवागमन होता है।
मरम्मत न होने से सड़क पूरी तरह से टूट गई है। जगह-जगह जलभराव व कीचड़ की समस्या है। हल्की सी बरसात में भी लोगों का चलना मुश्किल हो जाता है। कई बार राहगीर गिरने से चोटिल भी हो चुके हैं। क्षेत्रवासी नाजमा, आयशा, मोहरमा, अलीमुनिसा, एनुल्लाह, मोहम्मद अली, मुख्तार, हीरालाल, बुधई आदि ने बताया कि कई वर्षों से सड़क की मरम्मत न होने से दिनोंदिन सड़क की हालत खराब होती जा रही है। इन लोगों ने डीएम को पत्र भेजकर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है।