बलरामपुर। जिले के विभिन्न ग्राम सभाओं में करीब 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार रुपये की लागत से सीसी रोड व नाला निर्माण कार्य कराए जाएंगे। इन कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग बेहतर होने के साथ जलनिकासी की समस्या से भी राहत मिलने की उम्मीद है।
ग्राम सभा भोजपुर संतरी में सरकारी भारती के घर से मुख्य सड़क मार्ग तक 6.11 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड का निर्माण होगा। ग्राम सभा गंगापुर लखना के मजरा खुटेहना में ट्रांसफार्मर से मंदिर तक 14.05 लाख रुपये की लागत से सड़क बनेगी। ग्राम सभा बनगंवा महदेईया बाजार में गोंडा मार्ग से बालक राम के चक तक 24.07 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण प्रस्तावित है। ग्राम सभा कांदभारी पिपरा में डीप मार्ग निर्माण पर 11.04 लाख रुपये, ग्राम सभा दत्तरगंवा में मुख्य मार्ग से परसा पुरैना तक डीप निर्माण पर 35.73 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। ग्राम सभा रुखी मंझारी में सरयू कैनाल पुल से जगन्नाथ वर्मा व अर्जुन के घर तक 17.85 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनेगी। इसके अलावा ग्राम सभा कटरा शंकर नगर में टेढ़ीपुरवा मुख्य मार्ग से बब्बन गुप्ता के घर तक 14.16 लाख रुपये, ग्राम सभा गिद्धरैहिया के लालाजोत में रेणुकानाथ मंदिर तक 13.54 लाख रुपये, ग्राम सभा गुलरिहा पुरैना के मजरा गुलरिहा में पीडब्ल्यूडी रोड से यशपाल चौधरी के घर तक 18.43 लाख रुपये तथा ग्राम सभा बिराहिमपुर में सुंदर बाबू सिंह की दुकान से अभिमन्यु सिंह के घर तक 10.94 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड निर्माण कार्य कराया जाएगा। ग्रामीण रामलाल यादव ने बताया कि बरसात में रास्तों की हालत बेहद खराब हो जाती है, जिससे आवागमन में दिक्कत होती है। गीता देवी ने कहा कि सड़क बनने से गांव में सुविधाएं बढ़ेंगी और बच्चों को स्कूल जाने में आसानी होगी।