बलरामपुर। तुलसीपुर के पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष फिरोज अहमद पप्पू की हत्या में साजिश के आरोपी पूर्व सांसद रिजवान जहीर तुलसीपुर विधान सभा से तीन बार विधायक तथा बलरामपुर लोक सभा क्षेत्र से दो बार सांसद रह चुके हैं।
पूर्व सांसद के खिलाफ करीब 14 आपराधिक मुकदमे दर्ज हुए। लेकिन न्यायालय ने सांसद को सभी आरोपों से बरी कर दिया था। उनकी पत्नी हुमा रिजवान दो बार लगातार बलरामपुर की जिला पंचायत अध्यक्ष रह चुकी हैं।
पूर्व सांसद रिजवान जहीर अपनी राजनीतिक विरासत अब अपनी बेटी जेबा रिजवान को सौंप रहे थे। वर्ष 2017 के विधान सभा चुनाव में उन्होंने तुलसीपुर सीट से बेटी जेबा रिजवान को चुनाव कांग्रेस पार्टी से लड़वाया था।
विगत पंचायत चुनाव में बेली खुर्द गांव के पास इनका कांग्रेस समर्पित प्रत्याशी व उसके समर्थकों के साथ विवाद हुआ था। इस मामले में भी पुलिस ने पूर्व सांसद व दामाद रमीज को गिरफ्तार कर रासुका के तहत कार्रवाई की थी। यह मामला अभी अदालत में चल रहा है।
पूर्व सांसद सपा, बसपा, कांग्रेस व पीस पार्टी में रहकर अपनी राजनीतिक पारी खूब खेली। गत लोकसभा चुनाव में उन्होंने श्रावस्ती लोक सभा से बसपा प्रत्याशी राम शिरोमणि वर्मा का समर्थन किया और उन्हें जीत भी दिलाई।
अभी दो माह पहले उन्होंने लखनऊ में अखिलेश यादव के समक्ष फिर से सपा का दामन थामा था। इस समय वह तुलसीपुर सीट से बेटी जेबा रिजवान के लिए टिकट मांग रहे थे। सोमवार को पुलिस जब उन्हें तथा बेटी दामाद को साजिशकर्ता के रूप में गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर रही थी तो वहां भी सांसद के समर्थकों की भारी भीड़ जमा थी।