-बलरामपुर के पुलिस लाइन में दंगा नियंत्रण का अभ्यास कराते एसपी।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। त्योहारों में शांति और सुरक्षा के लिए पुलिस की तैयारी तेज हो गई है। थानों में शांति समिति की बैठकों से सौहार्द की अपील हो रही है। इसके साथ ही दंगा नियंत्रण के लिए पुलिस अभ्यास में जुटी है।
शुक्रवार को पुलिस लाइन में एसपी विकास कुमार ने तैयारियों को परखा। उन्होंने दंगा की स्थिति को कैसे पहले वार्ता, फिर भीड़ काे तितर-बितर करने के तरीके को देखा। उन्होंने गंभीर स्थिति में बिना किसी को नुकसान पहुंचाए नियंत्रण करने के कई अहम तरीके बताए। इसके बाद स्वास्थ्य एवं दक्षता की परख के लिए टोलीवार ड्रिल कराई गई। परेड में उपस्थित यूपी 112 के वाहनों में दंगा नियंत्रक उपकरण, फर्स्ट एड बॉक्स व अन्य आवश्यक उपकरण जांचे गए।
इसके साथ दंगा की स्थिति में कैसे बल प्रयोग हो, जिसमें टियर गन आदि के प्रयोग का अभ्यास कराया। किसी के चोटिल होने पर बचाव के तरीके का अभ्यास हुआ। अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी योगेश कुमार, क्षेत्राधिकारी तुलसीपुर बृजनंदन राय, क्षेत्राधिकारी नगर/ लाइन ज्योतिश्री, क्षेत्राधिकारी उतरौला राघवेंद्र सिंह, क्षेत्राधिकारी ललिया डॉ. जितेंद्र कुमार, प्रतिसार निरीक्षक बिहारी सिंह यादव आदि मौजूद रहे।