बलरामपुर। जिले के 19 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों की तैनाती की जाएगी। रिक्त पदों पर 70 वर्ष से कम आयु के सेवानिवृत्त शिक्षकों से सात सितंबर तक आवेदन मांगे गए हैं। चयनित प्रवक्ता को 20 हजार और सहायक अध्यापक को 15 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा।
जिले के अशासकीय विद्यालयों में कई विषयों के शिक्षकों के पद रिक्त हैं। इससे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विभाग ने इसी को देखते हुए सेवानिवृत्त शिक्षकों को मानदेय पर अध्यापन कार्य से जोड़ने का निर्णय लिया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि चयनित शिक्षकों की सेवाएं एक जुलाई से 20 मई 2027 तक अथवा शैक्षिक सत्र समाप्त होने तक, जो पहले हो, ली जाएंगी। सत्र समाप्त होने तक 70 वर्ष की आयु पूरी नहीं करने वाले सेवानिवृत्त शिक्षक ही पात्र होंगे।
आवेदकों को मुख्य चिकित्साधिकारी का स्वास्थ्य प्रमाणपत्र, शैक्षिक प्रमाणपत्रों की छायाप्रति, संबंधित विषय और सेवानिवृत्ति प्रमाणपत्र संलग्न करना होगा। आवेदन पंजीकृत डाक से जिला विद्यालय निरीक्षक कार्यालय भेजना होगा। अन्य माध्यम से भेजे गए और निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।