फोटो-26-अभिभावक के साथ मौजूद तांसी।-स्रोत : परिजन
बलरामपुर। थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में जब अंतरराष्ट्रीय मंच पर जिले की बेटी तांसी सिंह ने भारतीय परिधान में कदम रखा तो निगाहें उनकी प्रस्तुति पर टिक गईं। आत्मविश्वास, प्रतिभा और भारतीय संस्कृति के रंगों से सजी तांसी की प्रस्तुति ने निर्णायकों को प्रभावित किया और उन्होंने जूनियर मॉडल इंटरनेशनल पेजेंट में प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का ताज अपने नाम कर लिया। करीब 78 देशों के प्रतिभागियों के बीच मिली इस उपलब्धि से बलरामपुर में खुशी की लहर है।
सदर ब्लॉक के जेवनार गांव निवासी तांसी ने अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में रैंप वॉक, टैलेंट, कल्चरल और आत्मविश्वास राउंड में शानदार प्रदर्शन किया। रूस, आर्मेनिया, दक्षिण अफ्रीका, युगांडा, नेपाल, केन्या, मलेशिया, मंगोलिया, फिलीपींस, थाईलैंड और इंडोनेशिया समेत कई देशों के प्रतिभागियों के बीच तांसी ने अपनी प्रतिभा का दमदार प्रदर्शन किया। आयोजन रविवार को हुआ और परिणाम दूसरे दिन आया। भारतीय परिधान में उनकी सांस्कृतिक प्रस्तुति प्रतियोगिता का खास आकर्षण रही। माता पवित्रा और पिता उपेंद्र सिंह ने बेटी की उपलब्धि पर खुशी जताई। कहा कि बैंकॉक में भारत का प्रतिनिधित्व करते हुए प्रथम स्थान हासिल करना उनके लिए सपने के सच होने जैसा है। उपेंद्र ने बताया कि प्रतियोगिता में ऑनलाइन आवेदन किया था, जिसकी स्वीकृति के बाद वह बेटी को लेकर बैंकॉक गए थे। अभी वहीं पर हैं, जल्द ही वापस लौटेंगे।