बलरामपुर के एमजे एक्टिविटी स्कूल में सम्मानित किए गए ताइक्वांडो खिलाड़ी।
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। वाराणसी में हुए राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में उतरौला यूनिट के पांच खिलाडिय़ों ने पदक अर्जित कर जिले का नाम रोशन किया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया है।
बुधवार को एमजे एक्टिविटी स्कूल उतरौला में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य सचिन मदान, डॉ. एहसान खान व नसीब उल्ला खान ने बीते दिनों वाराणसी में संपन्न हुए राष्ट्रीय ताइक्वांडो प्रतियोगिता में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया।
बलरामपुर ताइक्वांडो टीम के कोच जियाउल हशमत ने प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक हासिल करने वाले संचित शुक्ला, श्रीराम यादव, प्रणव तथा रजत पदक जीतने वाले अनंत श्रीवास्तव एवं कांस्य पदक जीतने वाले केएस अनिरुद्ध को प्रशस्ति पत्र वितरित किया। इस अवसर पर उतरौला ताइक्वांडो टीम के कोच रियाज अहमद सहित तमाम लोग मौजूद रहे।