बलरामपुर। जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने के लिए 7.86 करोड़ रुपये की सात परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। इन परियोजनाओं के तहत धार्मिक स्थलों का सुंदरीकरण कराया जाएगा और आसपास बुनियादी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे न सिर्फ श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
बलरामपुर सदर क्षेत्र के गिधरैया मंदिर के लिए 68 लाख रुपये, गैसड़ी क्षेत्र के पचपेड़वा के इमिलिया कोडर गांव में ग्रामीण पर्यटन विकास के लिए 18 लाख रुपये तथा भियूरा बाबा स्थल के विकास के लिए एक करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसी तरह उतरौला के प्राचीन शिव मंदिर के लिए भी एक करोड़ रुपये की धनराशि मंजूर की गई है।
तुलसीपुर क्षेत्र में शिव मंदिर गनवरिया के विकास के लिए 2.35 करोड़ रुपये, नगर पंचायत के मुख्य मार्गों पर सजावटी लाइटिंग के लिए 1.15 करोड़ रुपये और म्यूरल वॉल निर्माण के लिए 1.50 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। डीएम विपिन कुमार जैन ने बताया कि सभी कार्य यूपीएसटीडीसी के माध्यम से कराए जाएंगे और गुणवत्ता व समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं से क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को नई पहचान मिलेगी और पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।