बलरामपुर। जिले की सभी 793 ग्राम पंचायतों में दो अक्तूबर को होने वाली ग्राम सभा की बैठक के साथ रिफॉर्म उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसे सबकी योजना, सबका विकास अभियान से जोड़कर ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सुधारात्मक पहलों, जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं की जानकारी दी जाएगी।
जिला पंचायत राज अधिकारी अशोक कुमार सचान ने बताया कि ग्राम सभा में ग्रामीणों से संवाद कर गांव की जरूरतों और प्राथमिकताओं की जानकारी ली जाएगी। संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी ग्राम सभा में पहुंचकर अपनी योजनाओं और सेवाओं की सरल भाषा में जानकारी देंगे। जागरूकता के लिए पोस्टर, फ्लिप चार्ट, सूचना सामग्री और लघु वीडियो का भी इस्तेमाल किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि ग्राम सभा से प्राप्त सुझावों और स्थानीय आवश्यकताओं को उचित पाए जाने पर ग्राम पंचायत विकास योजना (जीपीडीपी) में शामिल किया जाएगा। संबंधित विभागों की योजनाओं के साथ इन कार्यों का समन्वय भी कराया जाएगा। ग्राम सभाओं में हुई गतिविधियों, जनभागीदारी और महत्वपूर्ण निर्णयों का फोटो-वीडियो सहित अभिलेखीकरण किया जाएगा। पंचायत निर्णय ऐप और सभासार एप्लीकेशन के माध्यम से इसकी रिपोर्टिंग भी की जाएगी।