बलरामपुर। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग की बाल विकास परियोजनाओं में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिका के 495 रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के 236 और सहायिका के 259 पद शामिल हैं। पात्र महिला अभ्यर्थी 23 सितंबर तक विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।
जिला कार्यक्रम अधिकारी इफ्तखार अहमद ने बताया कि भर्ती शासन द्वारा निर्धारित प्रावधानों और चयन प्रक्रिया के अनुसार की जाएगी। आवेदन केवल ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता के बलरामपुर शहर में 10, देहात में 18, हरैया सतघरवा में 44, तुलसीपुर में 32, गैसड़ी में 18, पचपेड़वा में 35, श्रीदत्तगंज में 12, गैड़ास बुजुर्ग में सात, रेहरा बाजार में 26, उतरौला में 23 और उतरौला नगर में 11 पद रिक्त हैं।
इसी तरह सहायिका के बलरामपुर शहर में 32, देहात में 26, हरैया सतघरवा में 28, तुलसीपुर में 39, गैसड़ी में 12, पचपेड़वा में 28, श्रीदत्तगंज में 10, गैड़ास बुजुर्ग में 16, रेहरा बाजार में नौ, उतरौला में 19 और उतरौला नगर में 40 पद रिक्त हैं।
दोनों पदों के लिए न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या समकक्ष निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों की मेरिट अधिकतम शैक्षिक योग्यता के आधार पर तैयार की जाएगी। एक जुलाई 2026 को अभ्यर्थी की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए।
संबंधित ग्राम सभा अथवा वार्ड की निवासी महिलाओं को वरीयता दी जाएगी। विधवा, विधिक रूप से तलाकशुदा/परित्यक्ता और अन्य पात्र महिलाओं के लिए शासन के अनुसार प्राथमिकता निर्धारित है। कार्यकर्ता पद पर एससी, एसटी और ओबीसी आरक्षण लागू होगा। संबंधित प्रमाण-पत्र ऑनलाइन अपलोड करना अनिवार्य होगा।
एक आंगनबाड़ी केंद्र पर एक ही परिवार की दो महिलाओं की कार्यकर्ता और सहायिका पद पर नियुक्ति नहीं की जाएगी।