हरैया सतघरवा। जनकल्याणकारी योजनाओं को परखने जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने शुक्रवार को विकास खंड हरैया सतघरवा के ग्राम मुड़िहवा और मोतीपुर खुर्द का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गांव-गांव पहुंचकर सीधे ग्रामीणों से संवाद किया और योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
डीएम ने स्कूल चलो अभियान को लेकर विशेष सक्रियता दिखाई। उन्होंने ग्रामीणों के घरों तक पहुंचकर अभिभावकों से संवाद किया और बच्चों का शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित कराने की अपील की। खंड शिक्षा अधिकारी को निर्देश दिया कि अभियान को प्रभावी बनाते हुए प्रत्येक पात्र बच्चे का नामांकन अनिवार्य रूप से कराया जाए। दस्तक अभियान के तहत ग्रामीणों से फीडबैक लिया और जागरूकता कार्यक्रमों की स्थिति का आकलन किया। साथ ही टीकाकरण अभियान की प्रगति की समीक्षा किया।
कहा कि कोई भी बच्चा या गर्भवती महिला टीकाकरण से वंचित न रहे। निराश्रित महिला पेंशन और वृद्धावस्था पेंशन योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। जिन पात्र लाभार्थियों को अभी तक योजना का लाभ नहीं मिल सका है, उन्हें विशेष कैंप के माध्यम से लाभान्वित किया जाए। प्रधानमंत्री आवास योजना की हकीकत को भी जाना।
डीएम ने गांव में आधार कार्ड बनवाने की स्थिति की समीक्षा की। कहाकि जिन लोगों का आधार नहीं बना है, उनके लिए विशेष कैंप लगाए जाएं, ताकि कोई भी व्यक्ति सरकारी योजनाओं से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश रस्तोगी आदि रहे।