बलरामपुर। जिले में बिना मान्यता के विद्यालय संचालित किए जाने का मामला सामने आने पर जिला विद्यालय निरीक्षक ने सख्त रुख अपनाया है। रेहरा बाजार के सुग्गवा मोड़ स्थित आरबी डायमंड पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ और दस के विद्यार्थी पढ़ते मिले। विद्यालय के पास मान्यता नहीं होने पर डीआईओएस ने नाराजगी जताते हुए तत्काल संचालन बंद करने का निर्देश दिया है। साथ ही विद्यालय प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है और अर्थदंड लगाने समेत विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि बीते दिनों विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया गया था। इस दौरान वहां कक्षा नौ और दस के विद्यार्थी अध्ययनरत मिले, जबकि विद्यालय को माध्यमिक शिक्षा परिषद, प्रयागराज से मान्यता प्राप्त नहीं है। निरीक्षण में सामने आई इस स्थिति को शासन की निर्धारित नीतियों का उल्लंघन बताते हुए उन्होंने इसे बच्चों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करार दिया।
डीआईओएस ने कहा कि बिना मान्यता के विद्यालय संचालित करना उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अधिनियम और बोर्ड के नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को तत्काल विद्यालय का संचालन बंद करने और एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने का निर्देश दिया है। निर्धारित समय में संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिलने पर अर्थदंड सहित विधिक कार्रवाई की जाएगी।