फोटो-8-बलरामपुर के रोडवेज बस स्टेशन में खड़ी ।-संवाद
बलरामपुर। डिपो की कार्यशाला में रोडवेज बसों की फिटनेस जांच में लापरवाही बरती जा रही है। बसों को बिना समुचित तकनीकी जांच के ही मार्गों पर भेज दिया जाता है। इसका खामियाजा यात्रियों के साथ ही चालक-परिचालकों को भी भुगतना पड़ रहा है। आए दिन रास्ते में बसें खराब होने से यात्रियों को बीच सफर में परेशानी उठानी पड़ती है।
बलरामपुर डिपो स्थित कार्यशाला का संचालन श्यामा श्याम नामक कंपनी की ओर से किया जा रहा है। कंपनी की तरफ से बसों की फिटनेस जांच के लिए कर्मचारियों की तैनाती की गई है। इसके बावजूद आए दिन रास्ते में बसों के खराब होने की शिकायतें मिल रही हैं। चालक-परिचालक व्हाट्सएप ग्रुप में भी बसों की खराबी से संबंधित सूचना साझा करते हैं, लेकिन इसके बाद भी अधिकारी ध्यान नहीं देते हैं।
शुक्रवार को बस संख्या 2639 और 0440 बलरामपुर डिपो से रवाना हुईं, लेकिन बीच रास्ते में खराब हो गईं। बस संख्या 2639 का वाइपर खराब हो गया, जबकि बस संख्या 0440 बंद होने के बाद दोबारा स्टार्ट ही नहीं हुई। इससे यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
इसी तरह बृहस्पतिवार को बस संख्या 2724 को भी बिना जांच के ही रूट पर भेज दिया गया, जबकि चालक ने रजिस्टर में उसकी खराबी दर्ज कर दी थी। चालक-परिचालकों का कहना है कि बसों में तकनीकी खराबी की शिकायत दर्ज कराने के बावजूद समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया जाता है। कई बसों की छोटी-मोटी खराबियां दूर किए बिना ही उन्हें रूट पर रवाना कर दिया जाता है। नतीजतन, रास्ते में अचानक बसें बंद होने से यात्रियों का सफर प्रभावित होता है। चालक-परिचालकों का आरोप है कि कार्यशाला का संचालन निजी कंपनी के हाथों में होने के कारण बसों की फिटनेस जांच में लापरवाही बरती जा रही है।