बलरामपुर में शिशु को पोलियो ड्राप पिलाकर अभियान का शुभारंभ करते तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। सुबह से लगातार हो रही बारिश के चलते रविवार को पोलियो उन्मूलन अभियान की रफ्तार काफी सुस्त रही। बारिश के कारण अधिकांश बूथों पर पूरे दिन सन्नाटा पसरा रहा। अभियान के तहत 1066 बूथों पर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई गई। जिले में 4,01,487 बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने जिला महिला चिकित्सालय के बूथ का फीता काटकर पोलियो उन्मूलन अभियान का शुभारंभ किया। इन लोगों ने अस्पताल में जन्मे 12 नवजात शिशुओं को पोलियो की खुराक पिलाई।
तुलसीपुर विधायक ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं पोलियो उन्मूलन अभियान में लगे सभी कर्मचारियों को निर्देश दिया कि जीरो से पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को हर हाल में पोलियो की खुराक पिलाई जाए। इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि न बरती जाए। शत-प्रतिशत बच्चों को खुराक पिलाकर ही जिले को पोलियो मुक्त किया जा सकता है।
सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि जिले में 4,01,487 बच्चों को पोलियो ड्राप पिलाने का लक्ष्य रखा गया है। बूथ डे पर छूटे हुए बच्चों को 627 डोर-टू-डोर टीम द्वारा घर-घर जाकर पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी। शत-प्रतिशत बच्चों को पोलियो खुराक पिलाने के लिए 171 मोबाइल टीम तथा 208 सुपरवाइजर निगरानी करेंगे।