फोटो-21-बलरामपुर के महराजगंज में बीज दुकान का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरव
बलरामपुर। रबी फसलों की बुआई के बीच किसानों को गुणवत्तायुक्त बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग ने बृहस्पतिवार को बीज की दुकानों पर छापेमारी की। जिले में थोक और खुदरा विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर स्टॉक की जांच की गई। इस दौरान संदिग्ध बीजों के आठ नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए।
जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि विभागीय टीम ने बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर पहुंचकर अभिलेखों के आधार पर उपलब्ध स्टॉक का शत-प्रतिशत मिलान किया। संदिग्ध बीजों के आठ नमूने लेकर विश्लेषण के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट में बीज अमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने बताया कि निजी बीज विक्रेताओं को निर्देश दिए गए हैं कि बीजों का अंकुरण परीक्षण करने के बाद ही किसानों को उनकी बिक्री करें। किसी भी विक्रेता के मिलावटी बीज बेचते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अपील की है कि निजी दुकानों और राजकीय कृषि बीज भंडारों से खरीदे गए बीजों का खेतों में बुआई से पहले परीक्षण जरूर कर लें। इससे बीज की गुणवत्ता की जानकारी मिल सकेगी और खराब बीजों के कारण होने वाले आर्थिक नुकसान से बचा जा सकेगा।