फोटो-39-बलरामपुर के रमवापुर कला में दुकान का निरीक्षण करते जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवा
बलरामपुर। रबी फसलों की बुआई के बीच किसानों को उचित दर पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराने के लिए कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने बुधवार को बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान स्टॉक की जांच की गई और संदिग्ध बीजों के 20 नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए। अनियमितताएं मिलने पर चार विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए, जबकि दो विक्रेताओं को चेतावनी दी गई।
जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि जिले में थोक और खुदरा बीज विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर जांच अभियान चलाया गया। टीम ने विक्रेताओं के अभिलेखों के आधार पर बीज के स्टॉक का मिलान किया। साथ ही बीजों की गुणवत्ता, निर्धारित मूल्य पर बिक्री तथा जमाखोरी और कालाबाजारी की आशंका के मद्देनजर भी जांच की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान का उद्देश्य किसानों को प्रमाणित और गुणवत्तापूर्ण बीज निर्धारित दर पर उपलब्ध कराना है। कृषि विभाग की ओर से बीजों की उपलब्धता और बिक्री में अनियमितताओं को रोकने के लिए यह कार्रवाई की गई।