बलरामपुर के एमपीपी इंटर कॉलेज में प्री बोर्ड परीक्षा का प्रश्न पत्र तैयार करते शिक्षक। स्रोत व
बलरामपुर। आठ जनवरी से शुरू हो रही प्री बोर्ड परीक्षा को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी है। माध्यमिक विद्यालयों में हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षा के लिए प्रश्नपत्र पहुंचाना शुरू कर दिया गया है। बुधवार तक 80 विद्यालयों को प्रश्नपत्र उपलब्ध करा दिए गए हैं।
बोर्ड परीक्षा को लेकर विद्यार्थियों की तैयारियों का आकलन करने के लिए माध्यमिक स्कूलों में प्री बोर्ड परीक्षा आठ जनवरी से शुरू हो रही है। इसमें हाईस्कूल के 20,854 एवं इंटरमीडिएट के 15290 विद्यार्थियों सहित कुल 36,144 विद्यार्थी भाग लेंगे। प्री बोर्ड को लेकर मंगलवार से ही चरणबद्ध ढंग से विद्यालयों को प्रश्नपत्र का वितरण शुरू कर दिया गया है। मंगलवार को कोड संख्या-1001 से 1035 तक तथा बुधवार को 1035 से 1080 तक के विद्यालयों को प्रश्नपत्र विभाग द्वारा उपलब्ध कराया गया है।
एमपीपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य राकेश प्रताप सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा-2025 में बचे प्रश्नपत्रों के रिजर्व सेट को विद्यालय के स्ट्रांग रूम में रखवाया गया था। उन्हीं रिजर्व सेट का प्रयोग प्री बोर्ड परीक्षा में किया जाना है। स्ट्रांग रूम से मंगलवार को 35 एवं बुधवार को 45 माध्यमिक विद्यालयों को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया है।
जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि प्री बोर्ड परीक्षा के लिए शासन के निर्देश पर प्रश्नपत्रों का रिजर्व सेट जिले के सभी 169 माध्यमिक विद्यालयों को उपलब्ध कराया जाएगा। प्री बोर्ड परीक्षा आठ जनवरी से शुरू होकर 22 जनवरी तक चलेगी। नकलविहीन व पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।