बलरामपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की प्री बोर्ड परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आठ जनवरी से प्री बोर्ड परीक्षा शुरू हो रही है। परीक्षा में 169 माध्यमिक विद्यालयों के 36,144 विद्यार्थी शामिल होंगे।
हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की तैयारियों का आकलन करने के लिए प्री बोर्ड परीक्षा कराई जाएगी। परीक्षा का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि आठ जनवरी को हाईस्कूल की हिंदी और इंटरमीडिएट की सामान्य हिंदी विषय की परीक्षा होगी। नौ जनवरी को हाईस्कूल की सामाजिक विज्ञान और इंटरमीडिएट की भौतिक विज्ञान, लेखाशास्त्र, सैन्य विज्ञान, कृषि शस्य विज्ञान, कृषि एग्रोनॉमी व संस्कृत विषय की परीक्षा कराई जाएगी।
10 जनवरी को हाईस्कूल एवं इंटर में अंग्रेजी विषय की परीक्षा होगी। 12 जनवरी को हाईस्कूल में विज्ञान एवं इंटर में रसायन विज्ञान, समाज शास्त्र, व्यवसाय अध्ययन, वनस्पति विज्ञान एवं कृषि अर्थ शास्त्र की परीक्षा कराई जाएगी। 13 जनवरी को हाईस्कूल में गणित व गृह विज्ञान और इंटरमीडिएट में जीव विज्ञान, गणित, अर्थशास्त्र, कृषि भौतिक एवं जलवायु विज्ञान व कृषि जंतु विज्ञान की परीक्षा होगी। 15 जनवरी को हाईस्कूल में चित्रकला व रंजन कला एवं इंटर में उर्दू, कृषि अभियंत्रण, कृषि पशुपालन एवं पशु चिकित्सा विषय की परीक्षा कराई जाएगी।
16 जनवरी को हाईस्कूल में संस्कृत व उर्दू एवं इंटर में नागरिक शास्त्र, कृषि गणित व कृषि रसायन की परीक्षा होगी। 17 जनवरी को हाईस्कूल में मानव विज्ञान और इंटर में इतिहास विषय की परीक्षा कराई जाएगी। 19 जनवरी को हाईस्कूल में वाणिज्य व संगीत वादन और इंटरमीडिएट में चित्रकला आलेखन, प्राविधिक कला व रंजन कला की परीक्षा कराई जाएगी।
20 जनवरी को हाईस्कूल में पाली, अरबी, फारसी व अन्य क्षेत्रीय भाषाओं तथा इंटर में संगीत गायन, वादन, नृत्य कला, मनोविज्ञान, शिक्षा शास्त्र व तर्क शास्त्र की परीक्षा होगी। 21 जनवरी को इंटरमीडिएट की गृह विज्ञान, सामान्य आधारिक विषय, मानव विज्ञान, अरबी व फारसी विषय की परीक्षा कराई जाएगी। अंतिम दिन 22 जनवरी को इंटर की भूगोल, एनसीसी व कंप्यूटर की परीक्षा कराई जाएगी। सभी परीक्षाएं सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 1:15 बजे तक चलेंगी।