महराजगंज तराई। विकासखंड तुलसीपुर की ग्राम पंचायत लोहेपनिया के मजरे शांति नगर में बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे अजगर निकलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। गांव में अजगर दिखाई देने की खबर फैलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीण रामजन्मन ने बताया कि इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दी गई।
विज्ञापन
सूचना मिलते ही बरहवा रेंज की वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने सतर्कता बरतते हुए अजगर का रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। अजगर के रेस्क्यू किए जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
बरहवा रेंज के रेंजर बृजेश सिंह परमार ने बताया कि सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। अजगर का सुरक्षित रेस्क्यू कर उसे जंगल में छोड़ दिया गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि कहीं भी वन्यजीव दिखाई देने पर उसे पकड़ने या नुकसान पहुंचाने की कोशिश न करें, बल्कि इसकी सूचना तत्काल वन विभाग को दें।